वाक्य-संश्लेषण Sentence Synthesis

 

वाक्य-संश्लेषण

Sentence Synthesis

 

संश्लेषण का क्या अर्थ है?

विश्लेषण (Analysis) का विपरीत अर्थ है संश्लेषण (Synthesis), अर्थात् जोड़ना या मिलाना

 

विस्तृत अध्ययन

वाक्य-विश्लेषण में एक सुगठित वाक्य को खंड-खंड किया जाता है जबकि वाक्य-संश्लेषण में अलग-अलग वाक्यों को एक सुगठित रूप प्रदान किया जाता है।

 

वाक्य-संश्लेषण के लाभ

इससे आप उत्कृष्ट वाक्य रचना करना सीखते हैं।

भाषा पर अच्छी पकड़ बनती है।

कम शब्दों में संपूर्ण भावाभियक्ति होती है।

लेखन कार्य भी शीघ्र होता है।

वाक्य के तीनों संरचनाओं का ज्ञान होता है।

 

वाक्य-संश्लेषण की प्रक्रिया

दो या दो से अधिक सरल वाक्यों का एक सरल, संयुक्त या मिश्र वाक्य में रूपान्तरण करने की प्रक्रिया की वाक्य संश्लेषण की प्रक्रिया कहलाती है।

उदाहरण –

मैंने स्नान किया।

मैंने भोजन किया।

मैंने स्नान करने के बाद भोजन किया।

गीता स्कूल गईं।

गीता के पिताजी ऑफिस गए।

गीता स्कूल गई और उसके पिताजी ऑफिस गए।

छुट्टी की घंटी बजी।

सब छात्रों ने अपना बस्ता उठाया।

वे एक-एक करके अपने घर की ओर चल पड़े।

जब छुट्टी की घंटी बजी तब सभी छात्र अपने-अपने बस्ते उठाकर घर की ओर चल पड़े।

 

वाक्य संश्लेषण के नियम

-        भाषा ज्ञान की आवश्यकता।

-        वाक्यों में से मुख्य क्रिया का चयन

-        वाक्यों में से पूर्वकालिक क्रिया का चयन।

-        विशेषण और संज्ञा पदबंध का निर्माण

-        आवश्यकता के अनुसार उपसर्ग-प्रत्ययों का प्रयोग

-        आवश्यकता के अनुसार नवीन शब्दों का प्रयोग

 

उदाहरण

1. सामने एक घर है। (केवल पृष्ठभूमि स्थान की)

2. घर बड़ा है। (घर की विशेषता)

3. घर में लड़के खेल रहे हैं। (खेलने की क्रिया, खेलने वाले लड़के, स्थान घर)

4. लड़के गेंद खेल रहे हैं। (खेलने की क्रिया, कर्ता-लड़के, कर्म-गेंद)

5. लड़के संख्या में दो हैं। (लड़कों की संख्यात्मक विशेषता)

6. लड़के ट्राउजर्स पहने हैं। (कर्म - ट्राउजर्स)

7. ट्राउजर्स का रंग नीला है। (ट्राउजर्स की गुणात्मक विशेषता)

8. गेंद बिल्कुल नई है। (गेंद की गुणात्मक विशेषता)

इन वाक्यों में से मुख्य क्रिया-वाक्य का चयन कीजिए।

यथा 'खेल रहे हैं।

अब इनके साथ की कर्म-विस्तार, क्रियाविशेषण तथा अन्य विशेषण जोड़िए। उपर्युक्त वाक्यों को ही विशेषण आदि में परिवर्तित करने पर वाक्य होगा-

सामने वाले बड़े घर में नीले ट्राउजर्स पहने दो लड़के नई गेंद से खेल रहे हैं।

उदाहरण-1.

आगरा उत्तर प्रदेश में स्थित है।

आगरा में ताजमहल है।

ताजमहल बहुत सुंदर और दर्शनीय है।

पर्यटक विश्व के कोने-कोने से उसे देखने के लिए आते हैं।

इन चारों वाक्यों का एक ही वाक्य में संश्लेषण इस प्रकार होगा

उत्तर प्रदेश में स्थित आगरा के सुंदर और दर्शनीय ताजमहल को देखने के लिए पर्यटक विश्व के कोने कोने से आते हैं।

उदाहरण-2.

वहाँ एक गाँव था।

वह गाँव छोटा-सा था।

उसके चारों ओर जंगल था।

उस गाँव में आदिवासियों के दस परिवार रहते थे।

वाक्य-संश्लेषण

वहाँ चारों ओर जंगल से घिरे एक छोटे-से गाँव में आदिवासियों के दस परिवार रहते थे।

उदाहरण-3.

वहाँ एक गाँव था।

वह गाँव छोटा-सा था।

उसके चारों ओर जंगल था।

संश्लेषण-उस छोटे से गाँव के चारों ओर जंगल था।

 

विशिष्ट उदाहरण

चिड़िया आकाश में उड़ रही है।

चिड़िया कितनी सुंदर है।

आकाश में उड़ती हुई चिड़िया कितनी सुंदर है।

आकाश में उड़ने वाली चिड़िया कितनी सुंदर है।

आकाश में उड़ रही चिड़िया कितनी सुंदर है।

मिश्र अथवा संयुक्त वाक्य में संश्लेषण

1.    पुस्तक में एक कठिन प्रश्न था।

2.    कक्षा में उस प्रश्न को कोई हल नहीं कर सका।

3.    मैंने उस प्रश्न को हल कर दिया।

मिश्र वाक्य

पुस्तक के जिस कठिन प्रश्न को कक्षा में कोई भी हल न कर सका उसे मैंने हल कर दिया।

संयुक्त वाक्य

पुस्तक के एक कठिन पर्श्न को कक्षा में कोई हल नहीं कर पाया लेकिन मैंने कर दिया।  

 

Comments