अच्छा और बुरा लड़का

अच्छा और बुरा लड़का

अच्छा लड़का कोयल का-सा
मीठा बोल सुनाता है ।
किंतु बुरा लड़का कौवे-सा
काँव काँव चिल्लाता है।
अच्छा लड़का राजहंस-सा
निर्मल जल में तरता है।
किन्तु बुरा लड़का बगुलों-सा
मछली मारा करता है ।
अच्छा लड़का अंधे को
अपनी उँगली पकड़ाता है।
किन्तु बुरा बेचारे के
पीछे कुत्ते दौड़ाता है।
अच्छे लड़के की बोली मधु
मक्खी सी है मधु देती।
किंतु बुरे की बर्रे की तरह
डंक मार पीड़ा देती।
अच्छा लड़का खुद हँसता है
और हँसाता है सब को।
किन्तु बुरा लड़का रोता है
और रुलाता है सबको ।
इसीलिए अच्छा लड़का
दुनिया में आदर पाता है ।
किंतु  बुरा लड़का अपने
घर में भी पीटा जाता है।


Comments