आपका व्यक्तित्व आपकी पहचान Aapka Vyaktitva Aapki Pahchaan By Avinash Raanjan Gupta


आपका व्यक्तित्व आपकी पहचान       
     मरते सभी हैं परंतु जीवित कुछ ही रहते हैं। राम को जब 14 वर्षों का वनवास मिला तो वे बिना विचलित हुए 14 वर्षों का वनवास सहर्ष स्वीकार कर लिए। शिशुपाल जब श्रीकृष्ण को गालियाँ दे रहा था तब भी श्रीकृष्ण शांतचित्त से उसकी गालियाँ सुन रहे थे। महात्मा गांधी को जब ट्रेन के फ़र्स्टक्लास डिब्बे से निकाल बाहर फेंक दिया गया तब भी वे टूटे नहीं उनका व्यक्तित्व अखंडित ही रहा। भगत सिंह को जब देशभक्ति के परम उपहार के रूप में फाँसी के तख़्ते पर लटकाया जा रहा था तो उनके चेहरे की खुशी देखकर वहाँ उपस्थित अंग्रेज़ और जल्लाद दोनों ही उनके व्यक्तित्व के कायल हो गए। अभी तक जितने भी महानुभावों का वर्णन हुआ है उनका व्यक्तित्व इतना समृद्ध और प्रभावमयी है कि हम आज भी उन्हें याद करते हैं। और एक खास बात यह कि जब-जब इनके जीवन में समस्याएँ आईं तब-तब इनका व्यक्तित्व बिखरने की जगह और भी निखरता गया।  
     इनके व्यक्तित्व का सूक्ष्म निरीक्षण (Minutely Inspection) करने पर यह पता चला कि इनके हृदय में कोमलता और कठोरता दोनों थीं, लहू में गरमाहट और वाणी में ओज तथा नम्रता दोनों का समावेश था। ये परिस्थिति के अनुसार अपने गुणों का सही प्रयोग करना जानते थे। पारिवारिक और सामाजिक समस्याएँ इनके जीवन में भी थीं परंतु वे सदा उनपर विजय पाते थे। और आज भी ये हमारे बीच अपनी अमर कीर्ति की प्रभा (Light) बिखेर रहे हैं।  
     साधारण और असाधारण व्यक्तित्व में मात्र यही अंतर है कि एक अपनी समस्याओं और परेशानियों के लिए दूसरों पर दोषारोपण करते हैं और असाधारण व्यक्तित्व वाले समस्याओं और परेशानियों को अपने सफलता की चुनौती मानते हैं। आपका व्यक्तित्व कैसा होगा, यह आप निर्धारित कर सकते हैं पर आपके व्यक्तित्व पर सकारात्मक टिप्पणियाँ देने वाले दूसरे ही होते हैं। आज हम जब भी किसी व्यक्ति की आलोचना करते हैं तो उसके व्यक्तित्व के गुण-अवगुणों की चर्चा ही तो करते हैं और हम जिस नतीजे पर पहुँचते हैं ये उसके व्यक्तित्व का ही प्रभाव होता है।
     अगर आप किसी व्यक्ति को देखते हैं जो सदैव प्रसन्न रहता है तो यह मत सोचिए कि उसके जीवन में कोई समस्या नहीं है। इस पृथ्वी पृष्ठ पर कोई ऐसा नहीं जिसके जीवन में समस्याएँ न हो। समस्याएँ तो पृथ्वी पृष्ठ के समस्त प्राणियों के लिए अनिवार्य है। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो समस्या को दरकिनार (Side) करके खुश रहते हैं। ऐसे व्यक्तित्व को सभी पसंद करते हैं।
     खाना, सोना, संभोग करना और अपनी रक्षा करना ये इस जगत के सभी प्राणी करते हैं। अगर आप अपने व्यक्तिव में निखार लाना चाहते हैं तो इनके अलावा भी कुछ करने की कोशिश कीजिए, ये आपका जुनून (Passion) हो सकता है, आपकी रुचि (Hobby) हो सकती है, आपका सपना हो सकता है।   

Comments